छत्तीसगढ़ में 13 लाख के इनामी नक्सली दंपति का आत्मसमर्पण

कबीरधाम, 15 मार्च (भाषा) छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कबीरधाम जिले में 13 लाख रुपये के इनामी नक्सली दंपति ने सुरक्षा बलों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। कबीरधाम जिले के पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि कान्हा भोरमदेव डिवीजन कमेटी के अंतर्गत बोड़ला एरिया कमेटी के सक्रिय नक्सली एरिया कमांडर 26 वर्षीय करन और एरिया कमेटी सदस्य के रूप में कार्यरत उसकी 22 वर्षीय पत्नी अनिता ने सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने बताया कि नक्सली करन के सर पर आठ लाख रुपये तथा नक्सली अनिता के सर पर पांच लाख रुपये का इनाम है।

उन्होंने बताया कि नक्सली दंपत्ति ने क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता, नक्सली संगठन की कमजोर पकड़ तथा नक्सली संगठन की गलत विचारधारा के कारण आत्मसमर्पण करने का फैसला किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया ​कि नक्सली दंपत्ति ने सोमवार को दुर्ग क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक ओपी पाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के सामने जिला मुख्यालय कवर्धा में आत्मसमर्पण कर दिया।

उन्होंने बताया कि नक्सली करन वर्ष 2009 में तथा अनिता वर्ष 2016 में बीजापुर जिले में नक्सली संगठन में शामिल हुए थे। अनिता को वर्ष 2018 में तथा करन को वर्ष 2019 में बस्तर के माड़ क्षेत्र से कबीरधाम भेजा गया था। दोनो नक्सली कबीरधाम जिले के बोड़ला क्षेत्र में सक्रिय थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button