छत्तीसगढ़ में 31 IPS अधिकारियों का तबादला, कई वरिष्ठ अफसरों के बदले प्रभार; पवन देव से लेकर कल्लूरी तक नई जिम्मेदारियां

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 31 IPS अधिकारियों का तबादला किया है। शासन के आदेश में कई वरिष्ठ अधिकारियों के प्रभार बदले गए हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं।

पवन देव बने नगरसेना और अग्निशमन सेवाओं के DG

1992 बैच के IPS पवन देव को नगरसेना, नागरिक सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाओं का महानिदेशक बनाया गया है। वहीं 1994 बैच के IPS एसआरपी कल्लूरी को छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन का प्रबंध संचालक नियुक्त किया गया है।

गुरजिंदर पाल सिंह को प्रशिक्षण और पुलिस अकादमी की जिम्मेदारी

गुरजिंदर पाल सिंह को महानिदेशक प्रशिक्षण के साथ राज्य पुलिस अकादमी के महानिदेशक की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं प्रदीप गुप्ता को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रशासन एवं चयन बनाया गया है।

दीपांशु काबरा को रेल और ट्रैफिक का अतिरिक्त प्रभार

1997 बैच के IPS दीपांशु काबरा को वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रेल और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक यातायात का प्रभार सौंपा गया है।

इसके अलावा विवेकानंद को वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ वित्त, योजना एवं प्रबंध का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। अमित कुमार को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक बनाया गया है।

तकनीकी सेवाओं और डायल-112 में भी बदलाव

डॉ. आनंद छाबड़ा को तकनीकी सेवाएं, डायल-112 और दूरसंचार की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं ओमप्रकाश पाल को पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिरीक्षक कानून व्यवस्था/सुरक्षा का दायित्व सौंपा गया है।

न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला का अतिरिक्त प्रभार

अंकित कुमार गर्ग को राज्य न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला के संचालक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

शासन के आदेश के मुताबिक सभी अधिकारियों को अगले आदेश तक नई पदस्थापना पर अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया है। तबादला सूची में अन्य अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किए गए हैं।

Back to top button