
छत्तीसगढ़ में गर्मी से राहत के संकेत, पारा गिरा; बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच अब राहत के संकेत मिलने लगे हैं। बीते 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और कमी आ सकती है।
अगले 3 दिन में और गिरेगा पारा
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले तीन दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिर सकता है। इससे लोगों को झुलसाती गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 5 दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इसे लेकर अलर्ट जारी किया है।
तापमान का हाल
प्रदेश में फिलहाल दुर्ग सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.5°C दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 23.5°C रिकॉर्ड किया गया है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में सुबह मौसम साफ रहने की संभावना है, जबकि दोपहर या शाम तक बादल छा सकते हैं। यहां अधिकतम तापमान 43°C और न्यूनतम 27°C रहने का अनुमान है।
क्यों बदला मौसम?
मौसम में बदलाव का मुख्य कारण साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन का सक्रिय होना है, जो पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तर तेलंगाना से होते हुए उत्तर-पूर्व भारत तक फैली हुई है। इसी के प्रभाव से प्रदेश में आंधी और बारिश की गतिविधियां बन रही हैं।


