
जमीन सीमांकन को लेकर विवाद, राजस्व अधिकारियों का रास्ता रोका, 4 ग्रामीणों पर FIR
कोरबा: कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र में जमीन सीमांकन के दौरान विवाद की स्थिति बन गई। सीमांकन को लेकर आपत्ति जताते हुए एक परिवार ने राजस्व निरीक्षक (RI) और पटवारी की कार के सामने बाइक खड़ी कर रास्ता रोक दिया। मामले में पुलिस ने चार ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
सीमांकन के दौरान शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार घटना नोनबिर्रा गांव के बनियापारा क्षेत्र की है। पटवारी भरत चौहान ने बताया कि वे राजस्व निरीक्षक जयपाल सिंह के साथ नायब तहसीलदार के आदेश पर जमीन सीमांकन के लिए पहुंचे थे।
बताया गया कि संबंधित खसरा नंबर की जमीन की नाप-जोख कर जानकारी आवेदक को दी गई थी।
बाइक खड़ी कर रोका गया रास्ता
पटवारी के अनुसार सीमांकन के बाद कुछ ग्रामीणों ने कार्रवाई पर आपत्ति जताई और विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि ग्रामीणों ने अधिकारियों की कार के पीछे बाइक खड़ी कर उन्हें जाने से रोक दिया।
इस दौरान एक व्यक्ति द्वारा रस्सी लाकर आत्महत्या की धमकी देने की बात भी सामने आई है।
गलत सीमांकन और रिश्वत का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि जमीन का सीमांकन गलत तरीके से किया गया और अधिकारियों ने विपक्षी पक्ष से मिलीभगत कर कार्रवाई की। उनका कहना है कि उनकी जमीन पर दूसरे पक्ष द्वारा कब्जा कर निर्माण किया जा रहा है।
परिवार ने आरोप लगाया कि सीमांकन के दौरान विरोध करने पर उन पर झूठा मामला दर्ज कराया गया।
चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने पटवारी की शिकायत पर संतराम, लीलाधर पटेल, हरिराम और हुकूमचंद पटेल के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है।
कलेक्टर से निष्पक्ष जांच की मांग
परिवार के सदस्यों ने जनदर्शन में कलेक्टर को आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सीमांकन को लेकर विवाद बना हुआ है और कई बार शिकायत करने के बावजूद समाधान नहीं हुआ।


