जशपुर: टोनही के संदेह में जेठ ने ली विधवा बहू की जान, डंडे से पीट-पीटकर की हत्या; आरोपी गिरफ्तार
जशपुर: जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत डूंगरजोर गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ जादू-टोना (टोनही) के अंधविश्वास में एक जेठ ने अपनी ही विधवा बहू की डंडे से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है मामला?
पत्थलगांव एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि सोमवार सुबह आरोपी सुखसिंह राठौर अपनी रिश्ते में बहू लगने वाली नवीना राठौर के घर पहुंचा। आरोपी पिछले काफी समय से नवीना पर जादू-टोना करने का आरोप लगा रहा था। उसका मानना था कि उसके परिवार के सदस्यों (मां, भाई और नाती) की बीमारी से हुई मौतों के पीछे नवीना का हाथ है। इसी बात को लेकर सुबह दोनों के बीच तीखी बहस हुई।
हमले में महिला की मौके पर ही मौत
विवाद इतना बढ़ा कि आक्रोशित सुखसिंह ने पास पड़ा डंडा उठाया और नवीना पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण नवीना राठौर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने घर में ही छिप गया था।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और पंचनामा कार्रवाई की। घर में छिपे आरोपी सुखसिंह राठौर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
बीएनएस की धारा के तहत मामला दर्ज
एसडीओपी ने जानकारी दी कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। अंधविश्वास के चलते हुई इस जघन्य हत्या ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।



