
जांजगीर-चांपा में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, 6 आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में शराब जब्त
जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। चार अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से देशी शराब, कच्ची महुआ शराब और परिवहन में उपयोग किए गए वाहन जब्त किए हैं।
चार थाना क्षेत्रों में चला अभियान
प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पॉल के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली, अकलतरा, नवागढ़ और पामगढ़ थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।
कोतवाली पुलिस की कार्रवाई
कोतवाली थाना पुलिस ने बनारी रोड पर घेराबंदी कर मुनुंद निवासी कमलेश कश्यप (33) को गिरफ्तार किया। उसके पास से 50 पाव देशी शराब (कीमत लगभग 4 हजार रुपये) और एक बाइक (कीमत करीब 50 हजार रुपये) जब्त की गई।
अकलतरा में तीन आरोपी पकड़े
अकलतरा पुलिस ने तीन आरोपियों— सहदेव बंजारे (23), शंकर खांडे (28) और अल्का बंजारे (38) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने पहले दो आरोपियों को मोटरसाइकिल से 100 पाव शराब के साथ पकड़ा। इसके बाद अल्का बंजारे के घर दबिश देकर 104 पाव अतिरिक्त शराब बरामद की गई।
नवागढ़ और पामगढ़ में भी कार्रवाई
नवागढ़ थाना पुलिस ने भैंसमुंडी निवासी महेश कश्यप (30) को 29 पाव देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। वहीं पामगढ़ पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मुलमुला निवासी सूर्यप्रकाश मनहर (26) को 13.860 लीटर कच्ची महुआ शराब और एक लूना वाहन के साथ पकड़ा।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


