जांजगीर-चांपा में तीन मंदिरों में चोरी का खुलासा, नाबालिग समेत चार आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 5 अगस्त। जांजगीर-चांपा पुलिस ने जिले के तीन मंदिरों में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए नाबालिग सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 16.60 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, दानपेटियां, वारदात में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक कटर और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि 1-2 अगस्त की दरम्यानी रात बम्हनीडीह के रामजानकी मंदिर, नवागढ़ क्षेत्र के चंडी दाई मंदिर और जगमहंत स्थित बद्री विशाल मंदिर में चोरी की घटनाएं हुई थीं। चंडी दाई मंदिर से देवी प्रतिमाओं के चांदी के मुकुट, सोने के आभूषण और दानपेटी चोरी हुई थी, जबकि अन्य दो मंदिरों से चांदी के छत्र ले जाए गए थे।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साइबर तकनीक और मुखबिर सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया।

पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर पामगढ़ थाना क्षेत्र के घुटिया गांव में एक गड्ढे से चोरी के आभूषण, चांदी के छत्र, मुकुट, दानपेटियां, नकदी, इलेक्ट्रॉनिक कटर और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी प्रशांत पटेल (23) करीब 20 लाख रुपये के ट्रैक्टर ऋण से परेशान था। कर्ज चुकाने के उद्देश्य से उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मंदिरों में चोरी की योजना बनाई। इस मामले में प्रशांत पटेल, प्रभात पटेल (18), परमानंद पटेल (25) तथा एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

Back to top button