
जांजगीर-चांपा में नौकरी के नाम पर 6 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा। जिले की पुलिस ने खाद्य विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी भीम कुमार पटेल को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
15 लाख में नौकरी दिलाने का झांसा
मामले में आरोपी ने खुद के मंत्रालय रायपुर में अच्छे संपर्क होने का दावा करते हुए खाद्य विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। उसने पीड़ित से 15 लाख रुपये में 3 महीने के भीतर नौकरी लगाने की बात कही थी।
7 लाख रुपये खाते में करवाए ट्रांसफर
जानकारी के अनुसार, चाम्पा निवासी यशवंत सिंह का आरोपी से एक परिचित के माध्यम से संपर्क हुआ था। आरोपी के झांसे में आकर पीड़ित ने उसके खाते में 7 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
नौकरी नहीं लगने पर टालमटोल
तीन महीने बीतने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी, तो आरोपी ने फिर से झांसा देकर समय मांग लिया। बाद में उसने 1 लाख रुपये वापस किए, लेकिन इसके बाद फोन उठाना बंद कर दिया और टालमटोल करता रहा।
पैसे लौटाने से किया इंकार
कुछ समय बाद आरोपी ने साफ तौर पर पैसे लौटाने से इंकार कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने चाम्पा थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी न्यायिक हिरासत में
पुलिस ने आरोपी भीम कुमार पटेल, निवासी नगरदा (जिला सक्ती) के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

