
जांजगीर में ACB का बड़ा ट्रैप CSPDCL के तीन अधिकारी 35 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ाए
ब्रेकिंग न्यूज
जांजगीर चांपा : जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जहां CSPDCL के तीन अधिकारियों को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। ट्रांसफार्मर लगाने के एवज में पैसे मांगे जा रहे थे, जिस पर शिकायत के बाद ACB ने सुनियोजित ट्रैप कर कार्रवाई की । जांजगीर निवासी प्रदीप यादव ने ACB बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि ग्राम खोखसा में फ्लाई ऐश ब्रिक्स प्लांट लगाने के लिए ट्रांसफार्मर की जरूरत थी। आवेदन और डिमांड नोट जमा करने के बावजूद CSPDCL अधिकारियों द्वारा काम के बदले रिश्वत मांगी जा रही थी, जिससे वह परेशान था।
*तीनों अधिकारियों ने अलग-अलग मांगी रकम*
शिकायत के अनुसार उप अभियंता राजेंद्र शुक्ला ने 10 हजार रुपये की मांग की थी, जबकि सहायक अभियंता विजय नोर्गे और उनके सहायक देवेंद्र राठौर ने 25 हजार रुपये मांगे। कुल मिलाकर 35 हजार रुपये की रिश्वत तय हुई थी, जिसके बाद शिकायतकर्ता ने ACB से संपर्क किया । ACB ने शिकायत का सत्यापन कर 20 मार्च 2026 को ट्रैप प्लान किया। प्रार्थी को CSPDCL कार्यालय भेजा गया, जहां उसने तय रकम अधिकारियों को सौंपी। जैसे ही लेन-देन पूरा हुआ, पहले से मौजूद ACB टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया और पूरी रकम बरामद कर ली।
*ACB टीम की कार्रवाई और आगे की प्रक्रिया*
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व DSP अजितेश सिंह ने किया। तीनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज किया गया है। ACB ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सरकारी विभाग में रिश्वत मांगे जाने पर तुरंत शिकायत करें, ताकि ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रह सके ।
