जिंदल आदर्श भारती विद्यालय में छात्र परिषद का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों ने निष्ठा, अनुशासन और नेतृत्व के साथ दायित्व निभाने की ली शपथ

किरोड़ीमलनगर। जिंदल आदर्श भारती उच्च माध्यमिक विद्यालय, किरोड़ीमलनगर में छात्र परिषद एवं विभिन्न सदनों के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती वर्षा मिश्रा, डिप्टी कमांडेंट (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक), 6वीं बटालियन सीएएफ, रायगढ़ थीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमेन विजय कुमार अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष भरोस राम पटेल, वित्त प्रभारी एवं प्रबंध निदेशक प्रणय कुमार अग्रवाल, सचिव अनुज राम सिदार, सह-सचिव दिनेश कुमार उरांव, सीबीएसई विभाग की प्राचार्या प्रियंका जैन, सीजीबीएसई (अंग्रेजी माध्यम) की प्राचार्या रीना नाथ, सीजीबीएसई (हिंदी माध्यम) की उप-प्राचार्या ममता सिंह सहित विद्यालय परिवार एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि वर्षा मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सहयोग, अनुशासन और मैत्री की भावना एक आदर्श विद्यार्थी की पहचान होती है। उन्होंने कहा कि छात्र प्रतिनिधियों का दायित्व केवल पद ग्रहण करना नहीं, बल्कि अपने व्यवहार और कार्यशैली से अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनना है।

विद्यालय के चेयरमेन विजय कुमार अग्रवाल ने अनुशासन को सफलता की आधारशिला बताते हुए कहा कि बिना अनुशासन के जीवन में सफलता संभव नहीं है। उन्होंने छात्र परिषद के सदस्यों से विद्यालय के विकास और सकारात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

वित्त प्रभारी एवं प्रबंध निदेशक प्रणय कुमार अग्रवाल ने कहा कि नेतृत्व क्षमता का विकास विद्यालय से ही प्रारंभ होता है। छात्र परिषद विद्यार्थियों में जिम्मेदारी, आत्मविश्वास और नेतृत्व कौशल विकसित करने का सशक्त माध्यम है।

सीबीएसई विभाग की प्राचार्या प्रियंका जैन ने नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सच्चा नेतृत्व सेवा भावना, अनुशासन और समर्पण पर आधारित होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से विद्यालय में स्वच्छता, समयपालन, पर्यावरण संरक्षण और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने की अपील की।

समारोह में मुख्य अतिथि ने नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने और अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ दिलाई।

इस दौरान सीबीएसई विभाग से आर्यन सिंह (हेड बॉय) एवं नमिता यादव (हेड गर्ल), सीजीबीएसई अंग्रेजी माध्यम से आयुष सिंह (हेड बॉय) एवं प्रियांशी राज (हेड गर्ल), तथा सीजीबीएसई हिंदी माध्यम से शुभम गुप्ता (हेड बॉय) एवं प्रीतम चटर्जी (हेड गर्ल) सहित खेल, अनुशासन, सांस्कृतिक, संगीत एवं विभिन्न सदनों के छात्र पदाधिकारियों ने भी शपथ ग्रहण किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने मुख्य अतिथि वर्षा मिश्रा को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। धन्यवाद ज्ञापन सीजीबीएसई (अंग्रेजी माध्यम) की प्राचार्या रीना नाथ ने दिया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Back to top button