झीनी बाई स्मृति कन्या महाविद्यालय का उद्घाटन, चरणदास महंत ने बोधराम कंवर के शिक्षा क्षेत्र में योगदान को सराहा
हरदीबाजार। झीनी बाई स्मृति कन्या महाविद्यालय के उद्घाटन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, कोरबा लोकसभा सांसद ज्योत्सना महंत, पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान से पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
शिक्षा और समाज के लिए समर्पित रहा बोधराम कंवर का जीवन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चरणदास महंत ने कहा कि बोधराम कंवर अपने माता-पिता के आदर्शों और मार्गदर्शन को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बोधराम कंवर ने राजनीति के साथ-साथ शिक्षा और समाज के विकास के लिए अपना जीवन समर्पित किया है।
उन्होंने क्षेत्र में विस्थापन के मुद्दे का उल्लेख करते हुए कहा कि एसईसीएल द्वारा कोयला खनन के लिए गांवों का विस्थापन किया जा रहा है। ऐसे में प्रभावित लोगों को बुनियादी सुविधाएं और उनके अधिकार सुनिश्चित करना भी जरूरी है। उन्होंने बोधराम कंवर के उत्साह और सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
महंत ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से युवाओं को संगठन से जोड़ने, उनके साथ बैठक और संवाद करने तथा संगठन को मजबूत बनाने की बात भी कही।
ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के लिए महाविद्यालय महत्वपूर्ण कदम
कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने झीनी बाई स्मृति कन्या महाविद्यालय की स्थापना को शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि बोधराम कंवर ने इससे पहले ग्राम्य भारती महाविद्यालय और शास्त्री हाई स्कूल की स्थापना में भी भूमिका निभाई, जो ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को शिक्षा उपलब्ध कराने का माध्यम बने।
पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि बोधराम कंवर ने शिक्षा और समाज के प्रति अपना जीवन समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि शास्त्री हाई स्कूल और ग्राम्य भारती महाविद्यालय के बाद अब झीनी बाई स्मृति कन्या महाविद्यालय की स्थापना से क्षेत्र की छात्राओं को उच्च शिक्षा का अवसर मिलेगा।
गरीब और आदिवासी छात्राओं को मिलेगी उच्च शिक्षा
बोधराम कंवर ने कहा कि उनकी माता शुरू से ही शिक्षा के प्रति समर्पित और धार्मिक विचारों वाली थीं। उनकी स्मृति और सपने को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से झीनी बाई स्मृति कन्या महाविद्यालय की स्थापना की गई है।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के माध्यम से क्षेत्र की आदिवासी और गरीब छात्राओं को उच्च शिक्षा के साथ बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
ज्योत्सना महंत ने भी सराहा प्रयास
सांसद ज्योत्सना महंत ने कहा कि बोधराम कंवर ने बच्चियों की उच्च शिक्षा और क्षेत्र के शैक्षणिक विकास की दिशा में झीनी बाई स्मृति कन्या महाविद्यालय की स्थापना कर सराहनीय कार्य किया है।
कार्यक्रम के दौरान नवीन महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य कृष्ण कुमार चौधरी ने संस्था के संबंध में जानकारी दी। अंत में अतिथियों को शाल, साड़ी और स्मृति चिह्न भेंट किए गए।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक मोहित केरकेट्टा, पुरुषोत्तम कंवर, कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष मनोज चौहान सहित जनप्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रो. शिव दुबे ने किया।











