तमनार में उठाईगिरी गिरोह का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, तीन वारदातों में ₹2.44 लाख की चोरी का खुलासा

बैंक और बाजार क्षेत्र को बनाता था निशाना, साथी पहले ही हो चुका है गिरफ्तार

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने तमनार क्षेत्र में लगातार उठाईगिरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के फरार मास्टरमाइंड हरि उर्फ विशाल नट को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी ने अपने साथी धर्मेंद्र नट उर्फ धर्मेंद्र मीणा के साथ मिलकर तीन अलग-अलग घटनाओं में कुल 2 लाख 44 हजार रुपये की उठाईगिरी की थी।

पुलिस के अनुसार पहली घटना 9 अप्रैल 2026 को हुई थी, जब ग्राम झरना निवासी गोसाई राम राठिया बैंक से 20 हजार रुपये निकालकर बाजारपारा पहुंचे थे। होटल में नाश्ता करने के दौरान उनके थैले से नकदी, पासबुक और एटीएम कार्ड चोरी कर लिए गए।

दूसरी वारदात 14 मई 2026 को हुई, जब ग्राम सराईपाली निवासी रहंसराम खम्हारे अपेक्स बैंक से 24 हजार रुपये निकालने के बाद बस स्टैंड पर प्रतीक्षा कर रहे थे। इसी दौरान उनके पास रखा नकदी और दस्तावेजों से भरा बैग चोरी हो गया।

तीसरी घटना 8 जून 2026 की है। ग्राम गौरबहरी निवासी लोकेश्वर पटेल अपेक्स बैंक से दो लाख रुपये निकालकर मोटरसाइकिल की डिक्की में रखकर तहसील कार्यालय गए थे। लौटने पर डिक्की टूटी मिली और पूरी रकम चोरी हो चुकी थी।

लगातार हो रही इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया, जिसके आधार पर हरि उर्फ विशाल नट और उसके साथी धर्मेंद्र नट की पहचान हुई।

पुलिस ने 19 जून 2026 को धर्मेंद्र नट को गिरफ्तार कर लिया था। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त दो टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल तथा डिक्की तोड़ने में इस्तेमाल किए गए लोहे के औजार बरामद किए गए थे।

मुख्य आरोपी हरि उर्फ विशाल नट एक अन्य मामले में जिला जेल बैकुंठपुर में निरुद्ध था। तमनार पुलिस ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने तीनों वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी की रकम का अधिकांश हिस्सा जुआ खेलने और अन्य खर्चों में खर्च कर दिया गया।

आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे पुनः न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

रायगढ़ पुलिस ने बताया कि तीनों मामलों के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Back to top button