तमनार में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई: लापरवाही पर पंचायत सचिव आशीष बारीक निलंबित
रायगढ़। रायगढ़ जिले के तमनार विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत हमीरपुर के पंचायत सचिव आशीष बारीक को शासकीय कार्यों में लापरवाही और अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद पंचायत स्तर पर आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने, शासकीय कार्यों में रुचि नहीं लेने तथा वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों का लगातार पालन नहीं करने के कारण उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई।
प्रारंभिक जांच में पंचायत सचिव अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतते पाए गए। इसे छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (आचरण) नियम, 1998 के नियम 3 के उपनियम (1), (2) एवं (3) का उल्लंघन मानते हुए कदाचार की श्रेणी में रखा गया।
इसी आधार पर छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन तथा अपील) नियम, 1999 के प्रावधानों के तहत आशीष बारीक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय नियमानुसार निर्धारित रहेगा तथा उन्हें नियमों के अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता (Subsistence Allowance) प्रदान किया जाएगा।
प्रशासन का कहना है कि पंचायत व्यवस्था में अनुशासन, जवाबदेही और शासकीय कार्यों के प्रभावी संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है।



