तमनार में सड़क पर पहुंचा 24 हाथियों का दल, वन विभाग ने थामी वाहनों की रफ्तार; सुरक्षित जंगल की ओर लौटे हाथी
रायगढ़। तमनार वन परिक्षेत्र के सामारुमा इलाके में रविवार शाम अचानक हाथियों का दल सड़क पर पहुंच गया। हाथियों को सड़क पार करता देख लोगों की भीड़ जमा हो गई और कई लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही रोक दी, ताकि हाथियों को सुरक्षित तरीके से सड़क पार कराया जा सके।
कुछ देर के लिए थम गई वाहनों की आवाजाही
वन विभाग के अनुसार हाथियों के सड़क किनारे पहुंचने की जानकारी मिलते ही कर्मचारियों ने तत्काल मोर्चा संभाला। सड़क के दोनों ओर वाहनों को रोक दिया गया और लोगों को हाथियों से दूरी बनाए रखने की हिदायत दी गई।
इसके बाद हाथियों का पूरा दल धीरे-धीरे सड़क पार कर जंगल की ओर चला गया। दल में नर और मादा हाथियों के साथ शावक भी शामिल थे।
हाथियों को देखने जुटी लोगों की भीड़
हाथियों के सड़क पर आने की जानकारी आसपास के लोगों तक पहुंचते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन से हाथियों के सड़क पार करने का वीडियो रिकॉर्ड किया।
वन विभाग ने लोगों से हाथियों के करीब नहीं जाने और उन्हें परेशान न करने की अपील की है।
रायगढ़ वन मंडल में 51 हाथियों की मौजूदगी
वन विभाग के रिकॉर्ड के मुताबिक रविवार को रायगढ़ वन मंडल क्षेत्र में कुल 51 हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई। इनमें 13 नर, 32 मादा और 6 शावक शामिल हैं।
तमनार सहित हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में वन विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।
तमनार क्षेत्र में लगातार बना हुआ है मूवमेंट
घरघोड़ा सब डिवीजन के एसडीओ आशुतोष मंडावा के मुताबिक तमनार रेंज में पिछले कुछ दिनों से हाथियों की गतिविधियां लगातार बनी हुई हैं। रविवार को करीब 24 हाथियों का दल सड़क के पास पहुंचा था।
सूचना मिलने के बाद वन अमले ने दोनों तरफ वाहनों को रोककर हाथियों को सुरक्षित तरीके से सड़क पार कराया। विभाग की टीमें हाथियों के मूवमेंट पर नजर बनाए हुए हैं।
प्रभावित गांवों में कराई जा रही मुनादी
हाथियों की आवाजाही को देखते हुए आसपास के प्रभावित क्षेत्रों में वन विभाग द्वारा मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है। लोगों को जंगल या हाथियों के संभावित मार्ग में जाने से बचने और किसी भी गतिविधि की जानकारी वन विभाग को देने की सलाह दी गई है।











