तालाब में मिला नवजात हाथी का शव, डूबने की आशंका; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
रायगढ़। तमनार वन परिक्षेत्र के छड़ोरिया गांव के पास बुधवार सुबह तालाब में नवजात हाथी का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाकर जांच शुरू की। प्रारंभिक तौर पर हाथी की मौत तालाब में डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
ग्रामीणों के अनुसार, छड़ोरिया गांव और आसपास के जंगलों में पिछले कुछ समय से हाथियों का दल विचरण कर रहा है। आशंका है कि बीती रात हाथियों का दल पानी पीने के लिए तालाब के पास पहुंचा होगा। इसी दौरान नवजात हाथी हादसे का शिकार हो गया।
सुबह तालाब में हाथी का शव दिखाई देने पर ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद विभागीय अमला मौके पर पहुंचा और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
सामारूमा-अमलीडीह मार्ग के आसपास भी घूम रहा था दल
बताया जा रहा है कि हाथियों का यह दल पिछले कुछ दिनों से सामारूमा-अमलीडीह मार्ग के आसपास भी विचरण कर रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक, हाथी दिन के समय जंगल में रहते हैं और शाम के बाद सड़क तथा आसपास के क्षेत्रों में दिखाई देते हैं। इससे क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी लगातार बनी हुई है।
करीब 51 हाथियों का दल कर रहा था विचरण
रायगढ़ वन मंडल के घरघोड़ा एसडीओ आशुतोष मंडावा ने बताया कि छड़ोरिया गांव के पास तालाब में नवजात हाथी की मौत हुई है। प्रारंभिक तौर पर डूबने की आशंका है। पोस्टमार्टम के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।
अधिकारी के अनुसार, इस क्षेत्र में लंबे समय से करीब 51 हाथियों का दल विचरण कर रहा था। इनमें से एक हाथी दूसरे स्थान की ओर चला गया है। तालाब में मृत मिला नवजात हाथी इसी दल का हिस्सा बताया जा रहा है और उसका जन्म हाल ही में हुआ था।
फिलहाल वन विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही नवजात हाथी की मौत का वास्तविक कारण सामने आएगा।

