
तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से भाजपा नेता की मौत, 20 मीटर तक घसीटा
अंबिकापुर, 23 मई 2026। नेशनल हाईवे-43 पर अंबिकापुर-रायगढ़ मुख्य मार्ग में शुक्रवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में भाजपा बूथ अध्यक्ष की मौत हो गई। हादसा बतौली थाना क्षेत्र के शांतिपारा के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार भाजपा नेता को टक्कर मार दी और करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए निकल गया।
काम से लौट रहे थे भाजपा बूथ अध्यक्ष
जानकारी के मुताबिक बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पोकसरी निवासी भाजपा बूथ अध्यक्ष शिवमंगल दास (50 वर्ष) शुक्रवार दोपहर किसी काम से बतौली आए हुए थे। रात करीब 9:30 बजे वे बाइक से अपने गांव वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान नेशनल हाईवे-43 पर शांतिपारा के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वे बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े और ट्रक उन्हें करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए निकल गया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे में शिवमंगल दास गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गंभीर अंदरूनी चोटों के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
ट्रक चालक मौके से फरार
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोग ट्रक का नंबर नोट नहीं कर सके। बतौली पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से ट्रक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। शनिवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।


