तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आया बाइक सवार, मौके पर मौत; चालक फरार
कवर्धा।
जानकारी के अनुसार, जमुनिया निवासी अर्जुन बैगा बाइक से अपने गंतव्य की ओर जा रहा था। इसी दौरान बानो बैरियल के पास तेज गति से आ रहे एक हाइवा ने उसकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सड़क पर गिर पड़ा और भारी वाहन उसके ऊपर से गुजर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा बेहद भयावह था। गंभीर चोट लगने के कारण युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही लोहारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। वहीं युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और फरार चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




