दुर्ग : तड़के चार घंटे चला पुलिस का मेगा सर्च ऑपरेशन, अवैध शराब जब्त, वारंटियों की धरपकड़

खुर्सीपार और जामुल में 50 पुलिसकर्मियों ने चलाया विशेष अभियान, संदिग्धों का सत्यापन भी किया गया

दुर्ग। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने रविवार तड़के खुर्सीपार और जामुल थाना क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। सुबह 4 बजे से 8 बजे तक चले इस अभियान में 50 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों में सघन तलाशी, सत्यापन और वारंटियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई की।

देवार बस्ती से अवैध शराब बरामद

पुलिस के अनुसार, थाना खुर्सीपार क्षेत्र की देवार बस्ती में कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति के कब्जे से 34 पौवा अवैध शराब बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

वारंटियों की धरपकड़ में भी मिली सफलता

अभियान के दौरान पुलिस ने 2 स्थायी वारंट और 5 गिरफ्तारी वारंट सफलतापूर्वक तामील किए। वहीं एक गिरफ्तारी वारंटी की मृत्यु हो जाने के कारण उसका मृत्यु प्रमाण-पत्र प्राप्त कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई पूरी की गई।

संवेदनशील इलाकों में किया गया सत्यापन

थाना जामुल क्षेत्र के नालंदा परिसर के पीछे स्थित अटल आवास सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों का सत्यापन किया गया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई और अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई।

50 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी रहे अभियान में शामिल

पुलिस के अनुसार, यह विशेष अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) शोभराज अग्रवाल के पर्यवेक्षण में संचालित किया गया। अभियान में नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर, नगर पुलिस अधीक्षक छावनी, थाना प्रभारी खुर्सीपार, जामुल, नेवई, भिलाई भट्टी, एसीसीयू, यातायात शाखा और रक्षित केंद्र सहित विभिन्न शाखाओं के कुल 50 अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

अवैध गतिविधियों की सूचना देने की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार, वारंटियों या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Back to top button