
दुर्ग में अवैध गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़: ‘मुसाफिर’ और ‘M4’ ब्रांड का हो रहा था उत्पादन
दुर्ग: जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र के बासिन गांव में पुलिस और खाद्य-औषधि प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में एक अवैध गुटखा फैक्ट्री का खुलासा हुआ है। यहां बड़े पैमाने पर ‘मुसाफिर’ और ‘M4’ ब्रांड के जर्दा युक्त गुटखे का निर्माण किया जा रहा था।
छापेमारी में 13 मजदूर मिले
कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री में 13 मजदूर काम करते पाए गए, जो मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और राजस्थान के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस सभी मजदूरों से पूछताछ कर रही है।
भारी मात्रा में सामग्री जब्त
मौके से तैयार गुटखा, सुगंधित जर्दा, पैकिंग सामग्री, मशीनरी और कच्चा माल बड़ी मात्रा में जब्त किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री अप्रैल की शुरुआत से संचालित हो रही थी।
लाइसेंस नंबर की जांच जारी
खाद्य एवं औषधि प्रशासन अधिकारी जितेंद्र नेने के अनुसार, ‘मुसाफिर’ ब्रांड के पैकेट पर कुम्हारी स्थित ‘रजत सेल्स’ का लाइसेंस नंबर अंकित मिला है। अब यह जांच की जा रही है कि यह अधिकृत यूनिट है या नकली ब्रांडिंग का मामला है।
फैक्ट्री मालिक फरार
फिलहाल फैक्ट्री का मालिक फरार है। प्रशासन उसके सामने आने का इंतजार कर रहा है। यदि कोई दावा नहीं करता, तो मजदूरों के बयान और जब्त सामग्री के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डुप्लीकेट ब्रांडिंग पर सख्त कार्रवाई के संकेत
अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि यदि यह डुप्लीकेट ब्रांडिंग का मामला साबित होता है, तो धोखाधड़ी, फूड सेफ्टी एक्ट और अन्य आपराधिक धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


