
नई उड़ान योजना में बिलासपुर एयरपोर्ट को शामिल करने की मांग तेज
बिलासपुर। बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट चकरभाठा को केंद्र सरकार की नई क्षेत्रीय हवाई सेवा योजना में शामिल किए जाने की मांग को लेकर हवाई सुविधा जनसंघर्ष समिति ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने एयरपोर्ट के विस्तार, नई उड़ान सेवाओं की शुरुआत और इसे 4C श्रेणी में विकसित करने संबंधी मांगपत्र सौंपा।
समिति के सदस्यों ने कहा कि बिलासपुर संभाग की बड़ी आबादी को अभी भी सीमित हवाई सेवाओं का लाभ मिल पा रहा है। ऐसे में एयरपोर्ट का उन्नयन और नई उड़ानों की शुरुआत क्षेत्र के विकास के लिए जरूरी है। प्रतिनिधियों ने केंद्र सरकार की नई उड़ान योजना के तहत बिलासपुर एयरपोर्ट को प्राथमिकता देने की मांग की।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि इस संबंध में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय से चर्चा कर आवश्यक पहल की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे।
इधर, एयरपोर्ट विस्तार और नई हवाई सेवाओं की मांग को लेकर राघवेंद्र राव सभा भवन परिसर में हवाई सुविधा जनसंघर्ष समिति का धरना प्रदर्शन लगातार जारी है। आंदोलन में सामाजिक संगठनों, व्यापारिक प्रतिनिधियों और विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हो रहे हैं।
समिति का कहना है कि केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई नई उड़ान योजना में देश के कई छोटे और मध्यम शहरों के एयरपोर्टों को आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसी योजना के अंतर्गत बिलासपुर एयरपोर्ट को भी शामिल कर रनवे, टर्मिनल और अन्य सुविधाओं का विस्तार किया जा सकता है।
प्रतिनिधिमंडल ने एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में अपग्रेड करने के लिए विशेष बजट उपलब्ध कराने की मांग भी रखी है। उनका कहना है कि इससे बड़े विमानों की आवाजाही संभव होगी और क्षेत्र में व्यापार, उद्योग तथा पर्यटन को नई गति मिलेगी।
समिति ने बिलासपुर से हैदराबाद, वाराणसी, इंदौर, नागपुर-मुंबई, जगदलपुर-विशाखापट्टनम और प्रयागराज-दिल्ली के लिए नई हवाई सेवाएं शुरू करने का प्रस्ताव भी रखा है। इनमें विशेष रूप से हैदराबाद और मुंबई रूट की मांग को ज्यादा महत्वपूर्ण बताया गया है।
आंदोलन में सुदीप श्रीवास्तव, कमल सिंह ठाकुर, राघवेंद्र सिंह ठाकुर, मनोज श्रीवास, बद्री यादव, हर प्रसाद कैवर्त, रामशरण यादव, संतोष पीपलवा, देवेंद्र सिंह ठाकुर, मजहर खान, अमर बजाज, महेश दुबे और रमाशंकर बघेल सहित कई सदस्य मौजूद रहे।


