नकली सोना देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के फरार चल रहे एक और आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

आरोपी को गिरफ्तार करते हुए भेजा न्यायिक रिमांड पर, मामले में दो आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार।।

पेंड्रा। जिले के गौरेला थाना क्षेत्र में नकली सोना देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के एक और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। करीब छह माह से फरार चल रहे आरोपी तेरसाराम प्रजापति (32 वर्ष), निवासी बोकरामुड़ा चौकी कोडगार थाना पेंड्रा, को मुखबिर की सूचना के आधार पर हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।।।
वहीं जानकारी के अनुसार, मुंगेली जिले के तिलकपुर निवासी उमेन्द्र साहू ने गौरेला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी नरेन्द्र साहू, सरोज साहू एवं उनके साथियों ने उसे सोने के बिस्किट मिलने का झांसा दिया। आरोपियों ने पहले असली सोने का नमूना दिखाकर विश्वास में लिया और 1 किलोग्राम सोना 10 लाख रुपये में देने का सौदा तय किया। 5 दिसंबर 2025 को प्रार्थी से नगद राशि लेने के बाद आरोपियों ने नकली सोने के बिस्किट देकर फरार हो गए। वहीं बाद में जांच कराने पर सोना नकली निकला, तब प्रार्थी ने आरोपियों से पैसे वापस मांगे, लेकिन उन्हें धमकियां देकर टालमटोल किया गया। जहां मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक के तहत धारा 318(2)(4), 225, 112(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
वहीं जांच के दौरान पुलिस ने पूर्व में ही आरोपी नरेन्द्र साहू और सरोज साहू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं फरार आरोपी तेरसाराम प्रजापति की लगातार तलाश की जा रही थी। अंततः पुलिस को बड़ी सफलता मिली और उसे पकड़ लिया गया। आरोपी के कब्जे से नगदी रकम भी जब्त की गई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी संगठित गिरोह बनाकर इस प्रकार की ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे। वहीं जानकारी के अनुसार आरोपी तेरसाराम प्रजापति आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध पूर्व में थाना उदयपुर (जिला सरगुजा) एवं थाना पसान (जिला कोरिया) में भी अपराध दर्ज हैं। पुलिस के द्वारा आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। इस कार्यवाही में चौकी खोड़री थाना गौरेला एवं चौकी कोडगार स्टाफ का विशेष योगदान रहा था। वहीं जिला पुलिस के द्वारा आमजन से अपील किया गया है कि किसी भी प्रकार के लालच या संदिग्ध सौदे से बचें एवं ऐसी घटनाओं की सूचना तत्काल पुलिस को दें। ताकि पुलिस इस तरह के मामले में कार्यवाही कर सके।।।

Back to top button