
नगर निगम में आयुक्त का औचक निरीक्षण : एक कर्मचारी निलंबित, कार्यप्रणाली सुधार के निर्देश
रायगढ़: नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने शुक्रवार सुबह नगर निगम कार्यालय एवं वाहन विभाग का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लापरवाही पाए जाने पर एक कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
स्वयं लिया कर्मचारियों का अटेंडेंस
आयुक्त ने सुबह पहुंचकर स्वच्छता कमांडो, वाहन विभाग के ड्राइवर, खलासी एवं अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति स्वयं दर्ज की। लगातार अनुपस्थित रहने और कार्य प्रभावित करने पर कर्मचारी रोशन सोना को सस्पेंड किया गया।
लापरवाही पर सख्त रुख
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि नगर निगम की सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

कार्यालय व्यवस्था में बड़े बदलाव के निर्देश
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने नगर निगम कार्यालय की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए। उन्होंने विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
एक ही स्थान पर मिलेंगी सेवाएं
आयुक्त ने निर्देश दिए कि टेक्निकल विभाग से जुड़े सभी कार्यों को एक ही छत के नीचे संचालित किया जाए। इसके लिए नए पानी टंकी के नीचे कार्यालय विकसित करने की योजना बनाई गई है, जिससे नागरिकों को एक ही स्थान पर सभी सेवाएं मिल सकें।
पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने पर जोर
आयुक्त श्री क्षत्रिय ने कहा कि नई व्यवस्था से कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, दक्षता और सेवा गुणवत्ता में सुधार होगा तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण संभव हो सकेगा।


