नारायणपुर : साइबर ठगी के तीन मामलों में 6 आरोपी गिरफ्तार, मध्यप्रदेश, यूपी और हरियाणा तक फैले तार

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में साइबर ठगी के तीन अलग-अलग मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और हरियाणा से जुड़े छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, सात अन्य आरोपियों को नोटिस जारी किया गया है। पुलिस ने पिछले दो महीने में थाना छोटे डोंगर और झाराघाटी में दर्ज मामलों की जांच के दौरान मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

कॉल फॉरवर्डिंग के जरिए 10 हजार की ठगी

छोटे डोंगर थाने में दर्ज पहले मामले में आरोपी ने कॉल फॉरवर्डिंग के माध्यम से 10 हजार रुपये की ठगी की थी। पुलिस ने जांच के बाद उत्तरप्रदेश के बलिया निवासी रितेश गुप्ता को गिरफ्तार किया है।

फर्जी भुगतान संदेश भेजकर खाते से निकाले 71 हजार रुपये

दूसरे मामले में आरोपी ने पीड़ित को फोन कर खुद को परिचित बताया और फोन-पे के माध्यम से 50 हजार रुपये भेजने की बात कही। इसके बाद आरोपी ने 50 हजार रुपये भेजे जाने का फर्जी संदेश भेजकर पीड़ित से रकम वापस मांगी।

पीड़ित ने संदेश पर भरोसा कर रुपये भेज दिए। इसके बाद आरोपी ने रकम वापस आने का झांसा देकर मोबाइल पर बताई गई प्रक्रियाएं पूरी कराईं। इस दौरान पीड़ित के बैंक खाते से अलग-अलग बार कुल 71,606 रुपये कट गए।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इस मामले में मध्यप्रदेश के ग्वालियर और शिवपुरी तथा हरियाणा के नूंह से जुड़े रमेश साहू, आकाश रावत, अजय परिहार और मोहम्मद अरमान खान को गिरफ्तार किया गया है। इनमें अजय परिहार कियोस्क सेंटर संचालक है।

पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद अरमान खान को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि अन्य तीन आरोपी पहले से न्यायिक अभिरक्षा में हैं।

डराकर एक लाख रुपये की ठगी

तीसरा मामला झाराघाटी थाना क्षेत्र के ग्राम महीमा गवाड़ी का है। यहां एक पीड़ित को डराकर एक लाख रुपये की ठगी की गई थी। पुलिस ने इस मामले में मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ निवासी राजा भैया लोधी को गिरफ्तार किया है।

साइबर ठगी से बचने पुलिस की सलाह

पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कुछ जरूरी सावधानियां बताई हैं—

  • किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में कॉल फॉरवर्डिंग चालू न करें।
  • पैसे भेजे जाने का संदेश मिलने पर बैंक खाते में रकम आने की पुष्टि जरूर करें।
  • बिना सत्यापन के किसी को पैसे वापस न भेजें।
  • अपना ओटीपी और यूपीआई पिन किसी के साथ साझा न करें।
  • साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें या cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।

पुलिस के अनुसार, इन मामलों में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

Back to top button