नौ माह से लापता नाबालिग को रायगढ़ पुलिस ने किया सकुशल बरामद, शादी का झांसा देकर भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार

अभियान ‘संवेदना’ के तहत पूंजीपथरा पुलिस की कार्रवाई, यौन शोषण के आरोप में भेजा गया जेल

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस के अभियान ‘संवेदना’ के तहत थाना पूंजीपथरा पुलिस ने करीब नौ माह से लापता 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने प्रेम और शादी का झांसा देकर बालिका को भगाने तथा उसका यौन शोषण करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर 2025 को बालिका के पिता ने थाना पूंजीपथरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी 17 वर्षीय पुत्री 21 सितंबर 2025 को कपड़े सिलवाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी राजेश कुमार बंजारे (30 वर्ष), निवासी ग्राम मनपसार, थाना सरसिंवा, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, बालिका को सारंगढ़ बस स्टैंड से अपने साथ ले गया था। सूचना के आधार पर पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी रही।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके विरुद्ध नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और यौन शोषण से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

रायगढ़ पुलिस ने बताया कि अभियान ‘संवेदना’ के तहत महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े मामलों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई लगातार जारी है। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि किसी भी नाबालिग के लापता होने की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Back to top button