पशुपतिनाथ मंदिर की 15वीं वर्षगांठ पर भव्य कलश यात्रा, भक्तिमय माहौल में गूंजा कोड़ेनार

किरंदुल= किरंदुल नगरपालिका क्षेत्र से लगे ग्राम पंचायत कोड़ेनार स्थित पशुपतिनाथ मंदिर में स्थापना की 15वीं वर्षगांठ हर्षोल्लास एवं भक्तिभाव के साथ मनाई जा रही है। इस पावन अवसर पर आयोजन के प्रथम दिवस शुक्रवार शाम 4 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं की आस्था उमड़ पड़ी।

कलश यात्रा मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर बंगाली कैंप, तालाब पारा, सुकरू कैंप और पंचायत भवन होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची। पूरे मार्ग में भक्तों द्वारा जयकारों और भजनों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। यात्रा में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, वहीं गायत्री परिवार के सदस्यों की भी सक्रिय सहभागिता रही।

कार्यक्रम के अंत में मंदिर परिसर में प्रसाद वितरण किया गया। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि 28 फरवरी, शनिवार को विशेष पूजा-अर्चना के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।

पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का वातावरण है और मंदिर की वर्षगांठ को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उमंग देखने को मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button