
पेंशनर्स एसोसिएशन का प्रांतीय सम्मेलन 17 मई को जांजगीर में होगा आयोजित
छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन का प्रांतीय सम्मेलन और वार्षिक आमसभा 17 मई को जांजगीर में आयोजित की जाएगी। सम्मेलन का आयोजन श्री लखनलाल थवाईत आर्या मैरिज गार्डन, खोखरा में होगा।
पेंशनर्स हित के मुद्दों पर होगी चर्चा
सम्मेलन में प्रांत अध्यक्ष पी.आर. यादव और महासचिव उमेश मुदलियार द्वारा पिछले एक वर्ष में पेंशनर्स हित में किए गए कार्यों की जानकारी दी जाएगी।
साथ ही आगामी कार्यकाल के लिए कार्ययोजना तैयार करने और विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी।
महंगाई भत्ता और कैशलेस इलाज प्रमुख मुद्दे
प्रांतीय सम्मेलन में पेंशनरों की लंबित दो प्रतिशत महंगाई भत्ता भुगतान, कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना लागू करने तथा महंगाई राहत भुगतान में हो रही देरी जैसे मुद्दों पर विचार किया जाएगा।
इसके अलावा 70 वर्ष की आयु में 20 प्रतिशत पेंशन वृद्धि, चतुर्थ वर्ग के पेंशनरों को तीर्थ यात्रा योजना में शामिल करने और सभी जिलों में सियान सदन निर्माण की मांग भी उठाई जाएगी।
80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों का होगा सम्मान
सम्मेलन के दौरान 80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों का सम्मान भी किया जाएगा। साथ ही संगठन की नियमावली में संशोधन से जुड़े विषयों पर भी चर्चा होगी।
रायगढ़ जिले से बड़ी संख्या में शामिल होंगे पेंशनर्स
जिला रायगढ़ इकाई के अध्यक्ष शेख कलीमुल्लाह ने कहा कि सम्मेलन को लेकर पेंशनरों में काफी उत्साह है और रायगढ़ जिले से भी बड़ी संख्या में सदस्य कार्यक्रम में शामिल होंगे।
उन्होंने सभी पेंशनरों से सम्मेलन में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।


