पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाहों पर प्रशासन सतर्क, पर्याप्त भंडार उपलब्ध: सहायक खाद्य अधिकारी

 

रायगढ़ जिले में पेट्रोल और डीजल को लेकर लोगों के बीच बढ़ती चिंता और घबराहट की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। सहायक खाद्य अधिकारी ने कहा है कि जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आम जनता को घबराने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की है। कंपनियों की ओर से प्रशासन को जानकारी दी गई है कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है तथा आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है।

प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि बड़ी गाड़ियों के लिए फिलहाल सीमा निर्धारित की गई है, ताकि आवश्यक सेवाओं और आम नागरिकों को नियमित रूप से ईंधन उपलब्ध कराया जा सके।

सहायक खाद्य अधिकारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पेट्रोल-डीजल का भंडारण करने की कोशिश न करें। उन्होंने कहा कि डिब्बों और जरकिन में पेट्रोल-डीजल ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और आपूर्ति प्रणाली प्रभावित न हो।

हालांकि चिकित्सा सेवाओं, कृषि कार्यों तथा शासकीय सेवाओं के लिए आवश्यकतानुसार ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

 

Back to top button