बलौदाबाजार: 15.5 किलो गांजा जब्त, कार और घर में छिपाकर बेच रहे थे नशा; दो आरोपी गिरफ्तार

बलौदाबाजार। जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 15 किलो 500 ग्राम गांजा, एक स्विफ्ट कार, 91 हजार 100 रुपये नकद और प्लास्टिक रैपर जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 3 लाख 96 हजार 100 रुपये बताई गई है।

घर और कार से मिला गांजा

पुलिस के अनुसार, ग्राम खोरसीनाला निवासी आकाश कुरें (20) अपने घर और कार में गांजा रखकर बेच रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने उसके घर पर दबिश दी।

तलाशी के दौरान घर की रसोई में छज्जे के ऊपर और स्विफ्ट कार क्रमांक CG 22 AC 0325 की डिक्की से गांजा बरामद किया गया। इसके साथ ही गांजा बेचने से प्राप्त 91 हजार 100 रुपये नकद और प्लास्टिक रैपर भी जब्त किए गए।

गांजा सप्लाई करने वाला दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार

पूछताछ के दौरान आकाश कुरें ने पुलिस को बताया कि उसे गनियारी-भानपुर निवासी भूषण कुमार यादव (29) गांजा सप्लाई करता था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने गिरौदपुरी क्षेत्र में कार्रवाई कर भूषण को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, भूषण ने आकाश को गांजा देने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सिटी कोतवाली थाने में NDPS एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज किया है।

3.96 लाख रुपये का सामान जब्त

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 15 किलो 500 ग्राम गांजा, स्विफ्ट कार, 91 हजार 100 रुपये नकद और प्लास्टिक रैपर जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 3,96,100 रुपये आंकी गई है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में की गई। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान जारी है।

Back to top button