बाइक खड़ी करने के विवाद में बुजुर्ग दंपति की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार; पुराने डबल मर्डर का भी खुलासा
सक्ती। सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र में हुए बुजुर्ग दंपति हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि बाइक खड़ी करने को लेकर हुए विवाद की रंजिश में दो आरोपियों ने घर में घुसकर दंपति की हत्या कर दी थी। वारदात के बाद आरोपियों ने सोने के जेवर और नकदी भी लूट ली थी।
पुलिस के अनुसार ग्राम सेंदुरस निवासी पुरुषोत्तम खुंटे और उनकी पत्नी गुहरिन बाई खुंटे की 2 जून की रात घर में सोते समय हत्या कर दी गई थी। अज्ञात हमलावरों ने लोहे की रॉड से सिर और चेहरे पर वार कर दोनों की जान ले ली थी। घटना के बाद घर से आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन भी गायब मिले थे।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की, जिसके आधार पर खरसिया क्षेत्र से देवकुमार यादव को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपने साथी रूपचरण यादव के साथ मिलकर हत्या और लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।
जांच में पता चला कि कुछ समय पहले मृतक पुरुषोत्तम खुंटे और आरोपियों के बीच बाइक खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते दोनों ने हत्या की योजना बनाई और देर रात घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड, खून से सने कपड़े, नकदी, मोटरसाइकिल तथा लूटे गए आभूषण बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि लूटे गए सोने के जेवर जैजैपुर के एक सराफा व्यापारी को बेच दिए गए थे। पुलिस ने आभूषण खरीदने वाले व्यापारी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पूछताछ के दौरान एक और बड़ा खुलासा हुआ। दोनों आरोपियों ने वर्ष 2024 में मालखरौदा क्षेत्र के मुक्ता गांव में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उस मामले में एक दंपति की हत्या कर आभूषण लूटे गए थे। पुलिस अब उस प्रकरण में भी आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार साइबर तकनीकी विश्लेषण और सीईआईआर पोर्टल की मदद से मामले को सुलझाने में महत्वपूर्ण सफलता मिली। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



