बालोद में कुएं में गिरा तेंदुआ, मोटर पाइप के सहारे लटका मिला, रेस्क्यू जारी

बालोद, 8 मई 2026: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में भीषण गर्मी के बीच पानी और भोजन की तलाश में गांव पहुंचा एक तेंदुआ कुएं में गिर गया। तेंदुआ कुएं के भीतर मोटर पाइप के सहारे लटका हुआ मिला, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना बालोद जिले के जगतरा गांव की बताई जा रही है। तेंदुए की उम्र करीब 4 वर्ष आंकी जा रही है।


सुबह पानी भरने पहुंचे ग्रामीणों ने देखा तेंदुआ

जानकारी के अनुसार रात के समय तेंदुआ भोजन और पानी की तलाश में गांव की ओर पहुंचा था। इसी दौरान वह एक कुएं में गिर गया।

गुरुवार सुबह जब ग्रामीण पानी भरने के लिए कुएं के पास पहुंचे, तब उन्होंने अंदर मोटर पाइप से लटका तेंदुआ देखा। यह दृश्य देखकर लोगों में दहशत फैल गई।


वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर

ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही बालोद वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई।

वन विभाग की टीम तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन की तैयारी में जुटी हुई है।


मौके पर ग्रामीणों की भीड़

तेंदुए के कुएं में गिरने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचने लगे। प्रशासन ने लोगों से दूरी बनाए रखने और रेस्क्यू कार्य में सहयोग करने की अपील की है।

Back to top button