
बिलासपुर में अब बेसहारा मवेशियों के लिए बनेगा एक नया गोठान
शहर से लगे ग्रामीण क्षेत्र में खोजी जा रही जमीन नगर निगम आयुक्त कुणाल दुदावत ने जानकारी दी है कि अधिकारी जगह के तलाश में जुटे हुए है। जगह पक्का होते ही गोठान निर्माण का काम शुरू कर दिया जाएगा।
बिलासपुर।। शहर की सड़कों में विचरण करने वाले बेसहारा मवेशी जिला प्रशासन और नगर निगम के लिए सिरदर्द बन चुके है। मौजूदा स्थिति में जिले में तीन हजार से ज्यादा मवेशी विचरण कर रहे है, जो यातायात को प्रभावित करते है। साथ ही सड़क दुर्घटना का भी एक बड़ा कारण बनते है। वहीं इस समस्या से निपटने के लिए ही जिला प्रशासन ने शहर से लगे ग्रामीण क्षेत्र में एक नया गोठान बनाने का निर्णय लिया है। जिसकी जिम्मेदारी नगर निगम को दी गई है। ऐसे में नगर निगम जगह का चुनाव कर रही है। जमीन मिलते ही गोठान निर्माण कर शहर की तमाम बेसहारा मवेशियों को वहां शिफ्ट किया जाएगा। इससे शहर की सड़कें मवेशी मुक्त हो जाएगी।
मौजूदा स्थिति में शहर अंतर्गत मोपका, तिफरा, सिरगिट्टी और सकरी में गोठान का संचालन किया जा रहा है। लेकिन ये गोठान इतने बड़े नहीं है कि वहां पर शहर के सड़कों में घूमने वाले सभी मवेशियों को रखा जा सके। इसके लिए अतिरिक्त जगह चाहिए। इस समस्या को देखते हुए कलेक्टर ने शहर के आसपास 15 एकड़ जमीन में एक नया गोठान बनाने का निर्देश दिया है। जिससे की शहर से मवेशियों को हटाकर वहां रखा जा सके।
नगर निगम आयुक्त कुणाल दुदावत ने जानकारी दी है कि अधिकारी जगह के तलाश में जुटे हुए है। जगह पक्का होते ही गोठान निर्माण का काम शुरू कर दिया जाएगा। जहां फैसिंग लगाने के साथ शेड निर्माण कराया जाएगा और मवेशियों के दाना-पानी का इंतजाम किया जाएगा। यह काम होते ही शहर के सभी मवेशियों को पकड़कर नए गोठान में शिफ्ट करने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
सभी सड़कों पर है इनका कब्जा
मवेशियों की संख्या लगातार बढ़ते भी जा रही है। अब शहर का ऐसा कोई सड़क नहीं बचा है, जहां ये नजर न आते हो। जो 24 घंटे सड़कों पर रहते हुए वाहन चालकों को परेशान करते है।