बिलासपुर में कथित धर्मांतरण की सूचना पर हंगामा, हिंदू संगठनों ने किया थाने का घेराव

विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस से की सख्त कार्रवाई की मांग, जांच जारी

बिलासपुर। बिलासपुर के तारबहार थाना क्षेत्र स्थित अग्रसेन चौक के एक निजी परिसर में कथित धर्मांतरण की सूचना के बाद शनिवार को हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने तारबहार थाने का घेराव कर मामले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

हिंदू संगठनों का आरोप है कि अग्रसेन चौक स्थित निजी परिसर में लोगों का धर्मांतरण कराया जा रहा था। सूचना मिलने पर संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। बाद में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता तारबहार थाने पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की।

मामले को लेकर थाने के बाहर काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

पुलिस का कहना है कि प्राप्त शिकायत और मौके से मिली जानकारी के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि धर्मांतरण के आरोपों में कितनी सच्चाई है। तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button