बिलासपुर में चिट्टे का अंतरराज्यीय नेटवर्क बेनकाब, मुख्य सप्लायर अमृतसर से गिरफ्तार
उसलापुर में पकड़े गए ड्रग पेडलर से पूछताछ और तकनीकी जांच में मिला सुराग, ACCU और सकरी पुलिस की संयुक्त टीम ने पंजाब में दी दबिश
अनिल शुक्ला की रिपोर्ट
बिलासपुर। न्यायधानी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन (चिट्टा) के अंतरराज्यीय नेटवर्क की एक अहम कड़ी को पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार किया है। एसीसीयू बिलासपुर और सकरी पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी इनपुट और लगातार जांच के आधार पर कथित मुख्य सप्लायर रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के कारोबार की सप्लाई चेन तक पहुंचने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू (40 वर्ष), पिता सरदार सतपाल सिंह, निवासी महेंद्रा एवेन्यू, सुल्तान विंड, थाना सुल्तान विंड, अमृतसर (पंजाब) है। आरोपी को अमृतसर से गिरफ्तार कर बिलासपुर लाया गया, जहां उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
उसलापुर में पकड़े गए पेडलर से खुला पंजाब कनेक्शन
इस पूरे मामले की शुरुआत 24 अक्टूबर 2026 को हुई थी, जब बिलासपुर पुलिस ने उसलापुर बाजार के पास कार्रवाई करते हुए दीपक वालिया (32 वर्ष), निवासी अमृतसर, हाल मुकाम उसलापुर बिलासपुर को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से 11.73 ग्राम हेरोइन, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई, और 10,500 रुपये नकद जब्त किए गए थे।
इस मामले में थाना सकरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22 और 29 के तहत अपराध दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।
तकनीकी जांच में सामने आया मुख्य सप्लायर
पुलिस के मुताबिक दीपक वालिया से पूछताछ और बिलासपुर साइबर सेल से मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर नशे की सप्लाई के तार पंजाब के अमृतसर से जुड़े होने की जानकारी मिली। जांच में रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू का नाम सामने आया, जिसे पुलिस इस नेटवर्क का मुख्य सप्लायर बता रही है।
इसके बाद उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर एसीसीयू और थाना सकरी की विशेष टीम पंजाब रवाना की गई। टीम ने अमृतसर में स्थानीय पुलिस के सहयोग से दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सप्लाई चेन के अन्य लोगों तक पहुंचने की तैयारी
बिलासपुर पुलिस की इस कार्रवाई का महत्वपूर्ण पहलू यह है कि जांच केवल स्थानीय स्तर पर नशा बेचने वालों तक सीमित नहीं रखी गई, बल्कि सप्लाई के स्रोत तक पहुंचने का प्रयास किया गया। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, नशे की खरीद-फरोख्त और सप्लाई के माध्यमों की जानकारी जुटाने की दिशा में जांच कर रही है।
एसएसपी रजनेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में शामिल आरोपियों के खिलाफ एंड-टू-एंड विवेचना की जाएगी। यानी नशे की आपूर्ति के स्रोत से लेकर स्थानीय स्तर पर बिक्री करने वालों तक पूरी श्रृंखला की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, थाना सकरी प्रभारी निरीक्षक संजय शिंदे, एएसआई सुरेंद्र तिवारी, राजेश्वरधर दीवान तथा एसीसीयू के आरक्षक राकेश यादव और रमेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पंजाब से मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस की जांच का अगला महत्वपूर्ण पड़ाव इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और बिलासपुर में नशे की सप्लाई के पूरे तंत्र को ध्वस्त करना होगा।





