बेमेतरा: दिनदहाड़े युवक की धारदार हथियार से हत्या, आरोपी गिरफ्तार
बेमेतरा। जिले के नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भद्रराली में सोमवार को दिनदहाड़े एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी। पुलिस ने हत्या के आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान ग्राम भद्रराली निवासी कन्हैया बंजारे (लगभग 50 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गांव के चौक पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना चंदनू थाना क्षेत्र की है।

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, सूचना मिलने के बाद आरोपी बऊआ चतुर्वेदी (58 वर्ष) को धारदार हथियार के साथ पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। मामले में उससे पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ और विवेचना पूरी होने के बाद हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

