ब्लैकमेलिंग, अवैध संबंध और हत्या: युवक की लाश बोरी में भरकर खेत में फेंकी, महिला समेत 3 गिरफ्तार

कवर्धा। जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र में खेत से बोरी में बंद युवक का शव मिलने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि युवक और एक विवाहित महिला के बीच अवैध संबंध थे। युवक कथित रूप से महिला के आपत्तिजनक वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल कर रहा था। इसी विवाद के चलते महिला, उसके पति और देवर ने मिलकर युवक की हत्या कर शव को बोरी में भरकर खेत में फेंक दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

खेत में बोरी से मिली थी युवक की लाश

मामला उस समय सामने आया जब सोंढा गांव के पास खेत से तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरी खोलकर देखा तो उसमें एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिला। शव के दोनों हाथ रस्सी से बंधे हुए थे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे।

गुमशुदगी रिपोर्ट से हुई पहचान

जांच के दौरान मृतक की पहचान बैहरसरी निवासी 25 वर्षीय कोमल वर्मा के रूप में हुई। पुलिस को पता चला कि कोमल 28 मई को घर से निकला था और वापस नहीं लौटा था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।

कॉल डिटेल से खुला राज

पुलिस ने युवक की कॉल डिटेल और अंतिम लोकेशन की जांच की। जांच में सामने आया कि उसकी लगातार बातचीत मंदाकिनी वर्मा नामक महिला से हो रही थी। इसी आधार पर पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

ब्लैकमेलिंग से परेशान थी महिला

पूछताछ में महिला ने बताया कि कोमल वर्मा उसके कुछ आपत्तिजनक वीडियो के जरिए उसे लंबे समय से ब्लैकमेल कर रहा था। आरोप है कि वह वीडियो वायरल करने की धमकी देता था और उस पर लगातार दबाव बनाता था।

घर बुलाकर किया हमला

पुलिस के अनुसार 28 मई की रात महिला ने कोमल को अपने घर बुलाया। वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उस पर घर निर्माण कार्य में उपयोग होने वाले भारी पाना (सरिया मोड़ने वाला औजार) से हमला किया गया।

पति और देवर भी हुए शामिल

जांच में सामने आया कि घटना के दौरान महिला का पति रामस्नेही वर्मा भी वहां मौजूद था। बाद में उसने और उसके भाई रूपेश वर्मा ने महिला का साथ दिया। तीनों ने मिलकर कथित रूप से युवक की हत्या कर दी।

शव बोरी में भरकर खेत में फेंका

वारदात के बाद आरोपियों ने शव को घर में छिपाकर रखा। अगले दिन शव को एक बोरी में भरकर ट्रैक्टर से सोंढा गांव के पास ले जाया गया और खेत में फेंक दिया गया, ताकि सबूत मिटाए जा सकें।

तीनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में रामस्नेही वर्मा, उसकी पत्नी मंदाकिनी वर्मा और उसके भाई रूपेश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button