मैनपाट में बाइकर गैंग पर पुलिस का शिकंजा, 60 बाइक जब्त

तेज रफ्तार, स्टंट और मॉडिफाइड साइलेंसर से हुड़दंग मचाने वालों पर कमलेश्वरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

सरगुजा, 11 जुलाई। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट में तेज रफ्तार और मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर हुड़दंग मचाने वाले बाइकर गैंग के खिलाफ कमलेश्वरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। विशेष अभियान के तहत पुलिस ने 60 बाइकों को जब्त कर उनके चालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ समय से मैनपाट के पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में युवक समूह बनाकर बाइक स्टंट, ओवरस्पीडिंग और मॉडिफाइड साइलेंसर के जरिए पटाखों जैसी तेज आवाज निकालकर पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परेशान कर रहे थे। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया।

अभियान के दौरान कमलेश्वरपुर पुलिस ने पर्यटन स्थलों और प्रमुख मार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने, बिना वैध दस्तावेज वाहन चलाने तथा मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 60 बाइक जब्त की गईं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि पर्यटन स्थलों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

कमलेश्वरपुर पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन न कराएं तथा सार्वजनिक स्थानों पर स्टंट और तेज रफ्तार से वाहन चलाकर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें।

Back to top button