रक्षाबंधन पर मिठास के पीछे ‘मिलावट’ का डर: 30 खाद्य सैंपलों की जांच रिपोर्ट त्यौहार के बाद आएगी, सेहत पर रिस्क तय!
रायगढ़ | त्यौहारों की आड़ में मिलावटखोरों का धंधा चमकाने का खेल जारी है। रक्षाबंधन से ठीक पहले रायगढ़ जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने ‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ अभियान चलाकर 17 दुकानों और होटलों से 30 से अधिक सैंपल तो जब्त कर लिए, लेकिन असली पेच जांच रिपोर्ट के समय को लेकर फंस गया है। रायपुर लैब भेजी गई इन खाद्य सामग्रियों की रिपोर्ट त्यौहार बीतने के 15 से 20 दिन बाद आएगी। इसका सीधा मतलब है कि जिन मिठाइयों और पनीर पर विभाग को शक है, वे रिपोर्ट आने से पहले ही लोगों के पेट में पहुंच चुकी होंगी।
अभियान तो चला, पर जांच व्यवस्था ध्वस्त
17 से 23 अगस्त तक चले इस विशेष अभियान के तहत टीम ने खोवा, बर्फी, कलाकंद, मैसूर पाक, शाही पनीर, बूंदी लड्डू और नमकीन जैसी चीजों के नमूने लिए। कार्रवाई के दौरान शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों के कई नामी होटलों और किराना दुकानों में भारी अनियमितताएं पाई गईं:
- गंदगी और लापरवाही:
कई रेस्टोरेंट में शाकाहारी और मांसाहारी खाना एक ही जगह रखा मिला, वहीं साफ-सफाई के मानकों की धज्जियां उड़ाई जा रही थीं।
- एक्सपायरी माल की बिक्री:
खरसिया स्थित चुहड़मल पोटूमल होलसेल दुकान में म्याद पूरी कर चुका सामान बेचा जा रहा था, जिसे टीम ने मौके पर ही नष्ट कराया।
- मोबाइल लैब वैन बंद:
जिले में खाद्य पदार्थों की तत्काल जांच करने वाली मोबाइल लैब वैन काफी समय से खराब पड़ी है। विभाग अब भी अधिकारियों को पत्र लिखकर नई वैन मिलने का इंतजार कर रहा है।
इन प्रमुख प्रतिष्ठानों पर पड़ा छापा
जांच टीम ने कलकत्ता स्वीट्स, चावला रेस्टोरेंट, मेहर रेस्टोरेंट (छपोरा), अलंकार रेस्टोरेंट, विजय जनरल स्टोर (धौराभांठा), पंडित भोजनालय, आशीर्वाद ट्रेडर्स, डनसेना जनरल स्टोर, कतोरे रेस्टोरेंट, साखी ट्रेडर्स, देव स्वीट्स, ममता फाइन डाइन, श्याम स्वीट्स, केएमपी स्वीट नमकीन, हार्टबीट (पतरापाली), राजस्थान होटल और गजेन्द्र तवन (खरसिया) में दबिश देकर सैंपल जुटाए।
अधिकारी का पक्ष
“रायपुर प्रयोगशाला में एक साथ कई जिलों के नमूने जाने के कारण रिपोर्ट आने में 15 से 20 दिनों का समय लगेगा। जो म्याद पार सामान मिला था, उसे तुरंत जब्त कर नष्ट कर दिया गया है। मोबाइल वैन सुधारने के लिए पत्राचार किया गया है। लैब से रिपोर्ट प्राप्त होते ही संबंधित दुकानदारों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
— सुधा चौधरी, अभिहित अधिकारी (खाद्य एवं औषधि प्रशासन)
किरौड़ीमल नगर से भी मिठाइयों को लेकर शिकायतें
रक्षाबंधन से पहले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर किरौड़ीमल नगर क्षेत्र से भी शिकायतें सामने आने की बात कही जा रही है। स्थानीय स्तर पर मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर लोगों में चिंता है। ऐसे में लोगों की मांग है कि खाद्य एवं औषधि प्रशासन त्योहार के दौरान क्षेत्र की दुकानों और मिठाई प्रतिष्ठानों की भी जांच करे तथा संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच कराई जाए।
सैंपल की रिपोर्ट त्योहार के बाद आने की स्थिति में उपभोक्ताओं की चिंता और बढ़ गई है।












