रायगढ़: 11 साल से फरार पुलिस टीम पर हमले का आरोपी गिरफ्तार, ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत बड़ी कार्रवाई

2015 के बलवा और शासकीय कार्य में बाधा के मामले में फरार था आरोपी, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए वर्ष 2015 से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। लैलूंगा थाना पुलिस ने आरोपी हेमा राठिया (35) को उसके गांव से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस टीम पर किया था हमला

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2015 में आरोपी अपने साथियों के साथ बोलेरो, महिंद्रा मैक्सीमो और मोटरसाइकिलों में सवार होकर लाठी-डंडों एवं लकड़ी की फालियों से लैस होकर घटनास्थल पर पहुंचा था। आरोपियों ने मर्ग पंचनामा की कार्रवाई में जुटी पुलिस टीम के शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई, पुलिस अधिकारियों एवं जवानों से मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और शासकीय वाहन में तोड़फोड़ की थी।

11 साल से चल रहा था फरार

घटना के संबंध में तत्कालीन थाना प्रभारी लैलूंगा की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 152/2015 के तहत बलवा, शासकीय कार्य में बाधा, लोक सेवक पर हमला, मारपीट, धमकी तथा अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान पेश कर दिया गया था, जबकि हेमा राठिया लगातार फरार चल रहा था।

मुखबिर की सूचना पर दबिश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत थाना लैलूंगा पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी अपने गांव कुर्रा आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

फरार आरोपियों पर अभियान रहेगा जारी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस की नजर हर फरार आरोपी पर है। उन्होंने कहा कि अपराध कर कानून से बचने की कोशिश करने वालों के लिए जिले में कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं है। ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत फरार आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Back to top button