रायगढ़ : 48 घंटे में डबल चोरी का खुलासा, महिला समेत 4 आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़, 5 अगस्त। रायगढ़ पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए महज 48 घंटे के भीतर दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का खुलासा कर एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2 लाख रुपये की चोरी की संपत्ति, नकदी, सोने के आभूषण, साइकिल और वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना चक्रधरनगर पुलिस ने दोनों मामलों की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों में थाना क्षेत्र का निगरानी बदमाश शिवा सारथी भी शामिल है। आरोपियों ने चोरी से पहले इलाके की रेकी कर वारदात को अंजाम दिया था।
दो अलग-अलग चोरियों का खुलासा
पहले मामले में सूर्या बिहार, कौहाकुंडा से घर के बाहर खड़ी एक रेंजर साइकिल चोरी की गई थी। वहीं दूसरे मामले में दीनदयालपुरम कॉलोनी स्थित एक सूने मकान का ताला तोड़कर करीब 70 हजार रुपये नकद, सोने का टॉप्स और पीतल का लोटा चोरी कर लिया गया था।
सीसीटीवी और मुखबिर बने सुराग
जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में एक महिला और पुरुष संदिग्ध दिखाई दिए। उनकी पहचान शिवा सारथी और उसकी पत्नी पिंकी सारथी के रूप में हुई। इसी बीच सूचना मिली कि चोरी का सोने का टॉप्स बेचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर शिवा सारथी को हिरासत में लिया, जिसके बाद पूछताछ में पूरे गिरोह का खुलासा हुआ।
चोरी का सामान और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 63,700 रुपये नकद, सोने का टॉप्स, पीतल का लोटा, रेंजर साइकिल, चोरी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, लोहे की रॉड तथा अन्य सामान जब्त किया है। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में शिवा सारथी, पिंकी सारथी, प्रभात राय उर्फ सोनू बंगाली तथा कुश केरकेट्टा शामिल हैं। सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस संपत्ति संबंधी अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच के माध्यम से चोरी की घटनाओं का त्वरित खुलासा कर आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से भी संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की।


