रायगढ़ : ACB की बड़ी कार्रवाई, मुआवजा राशि जारी करने के एवज में रिश्वत लेते बाबू रंगे हाथ गिरफ्तार

सर्पदंश पीड़िता के परिजन की मुआवजा प्रक्रिया में रिश्वत मांगने का आरोप, चेक लेते रंगे हाथ पकड़ा गया

रायगढ़। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने रायगढ़ कलेक्ट्रेट की राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा में पदस्थ क्लर्क राजकुमार सिदार को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी के अनुसार, आरोपी मुआवजा राशि से जुड़े प्रकरण में शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग कर रहा था।

सर्पदंश से हुई थी पत्नी की मौत

एसीबी के अनुसार, बुलाकी गांव निवासी विजय सिदार की पत्नी की सर्पदंश से मृत्यु हो गई थी। इसके बाद विजय सिदार ने शासन से मिलने वाली आर्थिक सहायता एवं मुआवजा राशि के लिए आवेदन किया था। आवेदन स्वीकृत होने के बाद भी राशि जारी करने की प्रक्रिया के लिए क्लर्क राजकुमार सिदार द्वारा कथित रूप से रिश्वत मांगी जा रही थी।

एसीबी ने बिछाया जाल

शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। एसीबी के अनुसार, शिकायतकर्ता को 50 हजार रुपये का धनादेश (चेक) देकर आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही आरोपी ने चेक प्राप्त किया, एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

पूछताछ जारी

कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई से रायगढ़ कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप का माहौल रहा।

Back to top button