रायगढ़ की बदहाल सड़कों और ठप विकास कार्यों पर कांग्रेस का हमला, आशीष शर्मा ने सरकार से मांगा जवाब

रायगढ़ में कांग्रेस ने शहर की बदहाल व्यवस्था और टूटी सड़कों को लेकर तीखा हमला बोला है। जिला कांग्रेस कमेटी शहर के महामंत्री आशीष शर्मा ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सरकार के विकास के दावों पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि एक ओर जहां वर्ष 2047 के सुनहरे विज़न के सपने दिखाए जा रहे हैं, वहीं जमीनी हकीकत यह है कि शहर की सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं और आम नागरिकों का चलना तक मुश्किल हो गया है।

सड़कों की खस्ताहाली और हादसों पर उठाए सवाल

आशीष शर्मा ने कहा कि जो सड़कें कुछ समय पहले ही बनाई गई थीं, वे आज इतनी जर्जर हो चुकी हैं कि उनमें बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इन बदहाल सड़कों की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं और लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है। उन्होंने सवाल किया कि इन हादसों की जिम्मेदारी कौन लेगा और आखिर इतनी जल्दी नई सड़कें कैसे उखड़ गईं? उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने और दोषी ठेकेदारों तथा अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

वार्ड क्रमांक 19 के संजय कॉम्प्लेक्स और लंबित पट्टों का मुद्दा

कांग्रेस नेता ने शहर के वार्ड क्रमांक 19 स्थित संजय कॉम्प्लेक्स का जिक्र करते हुए कहा कि वादों के बावजूद अब तक वहां कोई काम शुरू नहीं हो सका है और स्थिति जस की तस बनी हुई है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि वार्ड में मकानों के नवीनीकरण से जुड़ी फाइलें लंबे समय से लंबित हैं। शीट नंबर 43 और पिछले लगभग तीन वर्षों से मकानों व जमीनों के पट्टे नवीनीकरण का एक भी कार्य नहीं हो पाया है, जिससे आम जनता एनओसी और तकनीकी आपत्तियों के नाम पर सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर है।

खोखले दावों के बजाय जमीन पर विकास की मांग

आशीष शर्मा ने कहा कि विकास केवल होर्डिंग, विज्ञापनों और कागजी विज़न से नहीं होता, बल्कि वह जमीन पर दिखना चाहिए। जनता को भविष्य के सपने दिखाने से पहले वर्तमान रायगढ़ की बदहाल तस्वीर को सुधारना होगा। उन्होंने चेतावनी दी है कि जनता सब देख रही है और अब खोखले वादों से काम नहीं चलेगा, बल्कि सरकार को विकास और जवाबदेही दोनों पर जवाब देना होगा।

Back to top button