रायगढ़ के कापू में दिल दहला देने वाली वारदात : पति ने डंडे और घूंसों से पीट-पीटकर की पत्नी की निर्मम हत्या, आरोपी फरार

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी की हाथ-मुक्कों और डंडे से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस जानलेवा हमले में महिला के सिर, जबड़े और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति घटनास्थल से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है।

जंगल के पहाड़ी रास्ते पर हुआ विवाद, फिर बरपाया कहर

मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम गुडाआमा इंचपारा पेलमा की रहने वाली 30 वर्षीय ननकी बाई (पहाड़ी कोरवा) और उसका पति कार्तिक राम बुधवार को किसी काम से बाहर गए थे। शाम को तकरीबन साढे़ 5 बजे गाड़ा घुटरा जंगल के पहाड़ी रास्ते के पास दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी कार्तिक राम ने आपा खो दिया और अपनी पत्नी ननकी बाई पर डंडे और घूंसों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

परिजनों के पहुंचने से पहले थम चुकी थीं सांसें

इस खौफनाक मारपीट की भनक जब महिला के परिजनों को लगी, तो वे आनन-फानन में मौके पर पहुंचे। परिजनों ने जब ननकी बाई को उठाने का प्रयास किया, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं और उसकी तड़प-तड़प कर मौत हो गई थी। इसके बाद घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। कापू थाना पुलिस के जवानों ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

हत्या का कारण अज्ञात, आरोपी पति की तलाश में जुटी पुलिस

इस संबंध में कापू थाना प्रभारी इंगेश्वर यादव ने बताया कि हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों के बयान के आधार पर आरोपी पति कार्तिक राम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। हालांकि, हत्या के असली कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। वारदात के बाद से ही आरोपी फरार है, जिसकी पतासाजी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

Back to top button