
रायगढ़। अंतरराष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस के अवसर पर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र गांधीनगर, जुटमिल स्थित हमर अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महिलाओं और मितानिनों को हिंसा के विभिन्न स्वरूपों, उनके अधिकारों तथा सुरक्षा के लिए उपलब्ध कानूनी संरक्षण की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना और शारीरिक एवं मानसिक शोषण जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित महिलाओं को बताया गया कि प्रत्येक महिला को सुरक्षित वातावरण, समान अधिकार और सम्मान मिलना जरूरी है। साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी प्रकार की हिंसा होने पर उचित सहायता एवं कानूनी संरक्षण प्राप्त करने के लिए जागरूक किया गया।
यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशन और शहरी कार्यक्रम प्रबंधक के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इसमें प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सा अधिकारी, सखी वन स्टॉप सेंटर एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय मितानिन, आम नागरिक और अस्पताल के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को हिंसा के प्रति जागरूक करना, उन्हें अपने अधिकारों की जानकारी देना और जरूरत पड़ने पर सहायता हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
