रायगढ़ : घर और आंगन में छिपाकर रखा था साल का चिरान, वन विभाग ने 23 नग लकड़ी जब्त की

रायगढ़, 9 अक्टूबर 2026। रायगढ़ वन परिक्षेत्र में अवैध लकड़ी के भंडारण के खिलाफ वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने कार्रवाई की है। भगोरा गांव में एक घर की जांच के दौरान साल के चिरान के 23 नग और लकड़ी काटने में इस्तेमाल होने वाला हाथ आरा बरामद किया गया। वन विभाग ने सामग्री जब्त कर एक व्यक्ति के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

सूचना के बाद घर में की गई जांच

वन विभाग के मुताबिक, उड़नदस्ता टीम को सूचना मिली थी कि भगोरा निवासी छोटूराम यादव (42) के घर में साल की लकड़ी का अवैध चिरान कर उसे रखा गया है। सूचना मिलने के बाद टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और मौके पर पहुंचकर जांच की।

इस दौरान घर के अंदर और आंगन में साल की लकड़ी के 23 नग मिले। लकड़ी काटने में इस्तेमाल होने वाला हाथ आरा भी बरामद किया गया।

बिक्री के लिए लकड़ी रखने की आशंका

वन विभाग को आशंका है कि साल की लकड़ी जंगल से लाकर उसका चिरान किया गया और उसे बिक्री के लिए रखा गया था। हालांकि, लकड़ी कहां से लाई गई थी और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

टीम ने लकड़ी और हाथ आरा जब्त कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है।

लकड़ी की कीमत का आकलन जारी

रेंजर संजय लकड़ा के अनुसार, जब्त लकड़ी की नाप-जोख कर उसकी कीमत का आकलन किया जा रहा है। मामले में संबंधित व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। वन विभाग आगे की कार्रवाई में जुटा है।

इस कार्रवाई में उड़नदस्ता टीम के सहायक प्रभारी संदीप नामदेव, सोमेश टोप्पो, बोइरदादर परिसर रक्षक भूषण जांगड़े सहित अन्य वनकर्मियों की भूमिका रही।

Back to top button