रायगढ़: जीएसटी जांच में 32.5 टन संदिग्ध स्क्रैप मिला, ट्रक समेत 26.50 लाख की संपत्ति जब्त

रायगढ़, 6 अक्टूबर 2026। जीएसटी विभाग की ई-वे बिल जांच के दौरान संदिग्ध पाए गए स्क्रैप परिवहन के मामले में जीएसटी विभाग और पूंजीपथरा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की है। जांच के बाद पुलिस ने 16 चक्का ट्रक में लदा करीब 32 टन 500 किलो लोहे का स्क्रैप जब्त किया है। ट्रक और स्क्रैप की कुल अनुमानित कीमत करीब 26 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

मामले में वाहन चालक अलेख्जेण्डर तिर्की, निवासी पत्थलगांव, जिला जशपुर के खिलाफ पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।

ई-वे बिल जांच में सामने आया मामला

पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 को रायगढ़ ई-वे बिल जांच दल ने तराईमाल स्थित एनआरवीएस प्लांट के पास ट्रक क्रमांक CG22P9367 को जांच के लिए रोका था।

वाहन में परिवहन किए जा रहे स्क्रैप और उससे संबंधित दस्तावेजों की जांच के दौरान चालक द्वारा माल को कोरबा से ए.आर. इस्पात, पूंजीपथरा ले जाने की जानकारी दी गई। हालांकि, वाहन में मौजूद माल और प्रस्तुत दस्तावेजों के बीच कथित तौर पर विरोधाभासी जानकारी सामने आई।

इसके बाद जीएसटी विभाग ने वाहन को आगे की जांच के लिए निरुद्ध करते हुए चालक को MOV-01 और MOV-02 जारी किए तथा वाहन को नजदीकी पेट्रोल पंप में खड़ा कराया।

अनुमति के बिना प्लांट ले जाने की जानकारी

जीएसटी विभाग के अनुसार, निरुद्ध वाहन को संबंधित अधिकारी की अनुमति के बिना बाद में ए.आर. इस्पात पूंजीपथरा के प्लांट परिसर में माल अनलोड करने के लिए ले जाने की जानकारी सामने आई।

वहीं, संबंधित कर बीजक जारीकर्ता फर्म मेसर्स पी.आर. ग्लोबल, GSTIN 22ABFFP3210P1ZB को भी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। पुलिस के अनुसार, फर्म की ओर से मूल बीजक, माल के वास्तविक स्रोत और भुगतान से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए।

इसके बाद जीएसटी विभाग ने माल के संदिग्ध होने की प्रथमदृष्टया आशंका के चलते वाहन और स्क्रैप को आवश्यक कार्रवाई के लिए पूंजीपथरा पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

वाहन में टीन, लोहे के टुकड़े और वाहन पार्ट्स मिले

पुलिस ने 4 अक्टूबर 2026 को वाहन की जांच की। जांच के दौरान ट्रक में विभिन्न प्रकार के टीन, लोहे के टुकड़े, रॉड और वाहनों के पार्ट्स समेत बड़ी मात्रा में स्क्रैप पाया गया।

वाहन चालक अलेख्जेण्डर तिर्की से पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि स्क्रैप को नुनबीरा, धरमजयगढ़ क्षेत्र से लाकर ए.आर. इस्पात में खपाने के लिए ले जाया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, ए.आर. इस्पात से संपर्क करने पर भी वाहन और माल के संबंध में संतोषजनक जानकारी तथा पर्चेस ऑर्डर सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए।

32.5 टन स्क्रैप और 16 चक्का ट्रक जब्त

इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में ट्रक में लदे करीब 32.5 टन स्क्रैप को जब्त किया। पुलिस के अनुसार, स्क्रैप की अनुमानित कीमत करीब 6.50 लाख रुपये, जबकि 16 चक्का ट्रक की कीमत करीब 20 लाख रुपये है।

इस तरह पुलिस ने कुल करीब 26.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

मामले में वाहन चालक के विरुद्ध धारा 35(क)(ड) BNSS और धारा 303(2) BNS के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Back to top button