रायगढ़ : नक्शा बटांकन कार्य में धीमी प्रगति पर कलेक्टर सख्त, सभी 10 तहसीलदारों को नोटिस के निर्देश

एक सप्ताह में सुधार नहीं होने पर होगी कार्रवाई, लंबित जनशिकायतों के समयबद्ध निराकरण पर भी दिया जोर

रायगढ़। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों एवं विभागीय लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। बैठक में नक्शा बटांकन कार्य की अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए जिले के सभी 10 तहसीलदारों को कारण बताओ (शो-कॉज) नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

एक सप्ताह का दिया समय

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि आगामी एक सप्ताह के भीतर प्रत्येक तहसील में उल्लेखनीय प्रगति दिखाई देनी चाहिए। अगली समीक्षा बैठक में कार्य की स्थिति का पुनर्मूल्यांकन किया जाएगा और संतोषजनक प्रगति नहीं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

78.66 प्रतिशत तक पहुंची प्रगति

समीक्षा में बताया गया कि जिले में नक्शा बटांकन कार्य की प्रगति 18 नवंबर 2025 को 73.64 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 78.66 प्रतिशत हो गई है। इस अवधि में कुल 5.02 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है। वहीं 27 जुलाई से 3 अगस्त 2026 के बीच जिले में 1008 नक्शों का बटांकन किया गया।

लैलूंगा की प्रगति रही ऋणात्मक

तहसीलवार समीक्षा में धरमजयगढ़, छाल, घरघोड़ा, मुकडेगा, तमनार, लैलूंगा, कापू, खरसिया, रायगढ़ और पुसौर की प्रगति की समीक्षा की गई। साप्ताहिक समीक्षा में लैलूंगा तहसील की प्रगति ऋणात्मक (-24) पाए जाने पर कलेक्टर ने इसे गंभीर मानते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

धान खरीदी और आंगनबाड़ी भर्ती की भी समीक्षा

बैठक में आगामी धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए किसानों के पंजीयन कार्य में तेजी लाने तथा पात्र पट्टाधारी किसानों का भी नियमानुसार पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज करने तथा निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवनों का कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।

लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण पर जोर

कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन, सुशासन तिहार, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त लंबित आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, अपर कलेक्टर रवि राही, डॉ. प्रियंका वर्मा, पूजा बंसल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Back to top button