रायगढ़: निर्माणाधीन SECL कॉलोनी में चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्ट दर्ज होने के चंद घंटों में घरघोड़ा पुलिस की कार्रवाई, चोरी के प्लास्टिक ड्रम बरामद

रायगढ़, 25 जुलाई। रायगढ़ पुलिस ने घरघोड़ा थाना क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन एसईसीएल कॉलोनी में हुई चोरी का कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो प्लास्टिक ड्रम बरामद किए हैं, जबकि शेष सामान खरीदने वाले कबाड़ियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, निर्माण कार्य में मुंशी के रूप में कार्यरत अजय सिंह ने 24 जुलाई को थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 19-20 जुलाई की रात निर्माण स्थल से 200 लीटर क्षमता के 15 से 20 प्लास्टिक ड्रम और एक टुल्लू मोटर चोरी हो गई थी। चोरी गए सामान की कीमत लगभग ₹10 हजार बताई गई। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने निर्माण स्थल और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, जांच में ग्राम कंचनपुर निवासी बसंत राठिया, दिलीप राठिया और मिलन राठिया की संलिप्तता सामने आने पर तीनों को हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने मिलकर 15 प्लास्टिक ड्रम और एक टुल्लू मोटर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने चोरी किए गए 13 प्लास्टिक ड्रम और टुल्लू मोटर घूम-घूमकर कबाड़ खरीदने वालों को बेच दिए थे। उनके कब्जे से दो प्लास्टिक ड्रम बरामद कर जब्त किए गए हैं। मामले में तीनों की संयुक्त संलिप्तता पाए जाने पर बीएनएस की धारा 3(5) भी जोड़ी गई है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में चोरी का शेष सामान खरीदने वाले कबाड़ियों की तलाश और आगे की जांच जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि त्वरित विवेचना, सक्रिय मुखबिर तंत्र और प्रभावी पुलिसिंग के जरिए अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा रही है तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Back to top button