रायगढ़ पुलिस का बड़ा खुलासा: अंतरराज्यीय उठाईगिरी गैंग का पर्दाफाश, मास्टरमाइंड गिरफ्तार

रायगढ़, 21 अप्रैल। जिले में लगातार हो रही उठाईगिरी, लूट और चोरी की घटनाओं के बीच रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लैलूंगा पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के मास्टरमाइंड अरविंद नट को गिरफ्तार कर कई वारदातों का खुलासा किया है।


सीसीटीवी से मिली लीड, रेकी करते पकड़ा गया आरोपी

पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की। आरोपी अरविंद प्रताप सिंह उर्फ अरविंद नट को उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह लैलूंगा क्षेत्र में नई वारदात की योजना बनाते हुए रेकी कर रहा था।


उड़ीसा-छत्तीसगढ़ में फैला था नेटवर्क

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने साथी ओमप्रकाश उर्फ बच्चा सिसोदिया के साथ मिलकर छत्तीसगढ़, ओडिशा और मध्यप्रदेश के कई जिलों में उठाईगिरी, चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देता था।


15 से ज्यादा वारदातें कबूलीं

आरोपी ने एक वर्ष में 10-15 से अधिक वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। लैलूंगा क्षेत्र में ही चार बड़े मामलों का खुलासा हुआ है, जिसमें लाखों रुपये की चोरी की घटनाएं शामिल हैं।


वारदात का तरीका: बैंक के बाहर करते थे रेकी

गिरोह का तरीका बेहद सुनियोजित था। आरोपी बैंक और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोगों की रेकी करते थे और जैसे ही मौका मिलता, पेचकस या डुप्लीकेट चाबी से वाहन की डिक्की खोलकर या कार का शीशा तोड़कर रकम पार कर देते थे।


मोटरसाइकिल और औजार बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर की होंडा साइन मोटरसाइकिल, पेचकस और अन्य उपकरण बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल वारदातों में किया जाता था।


एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

मुख्य आरोपी अरविंद नट को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि उसका साथी ओमप्रकाश सिसोदिया अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।


एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अंतरराज्यीय अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि बैंक से लेन-देन के दौरान सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।


Back to top button