रायगढ़ : बिजली दर वृद्धि और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का चरणबद्ध आंदोलन शुरू, 3 अगस्त को सीएम हाउस घेराव का ऐलान
प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर जिला कांग्रेस कार्यालय में हुई प्रेस वार्ता
रायगढ़। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट बिजली मीटर के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ शहर एवं ग्रामीण द्वारा शनिवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। यह राज्यव्यापी तीन दिवसीय चरणबद्ध आंदोलन के प्रथम चरण की शुरुआत है।
सरकार पर साधा निशाना
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष नरेंद्र नेगी एवं जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) के अध्यक्ष शाखा यादव ने राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि बिजली दरों में लगातार वृद्धि और स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया से आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के बजाय जनता पर आर्थिक दबाव बढ़ाने का काम कर रही है।
‘आपकी आवाज़’ से बोले नरेंद्र नेगी
जिला कांग्रेस अध्यक्ष (ग्रामीण) नरेंद्र नेगी ने ‘आपकी आवाज़’ से बातचीत में कहा कि प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर पूरे प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस स्मार्ट मीटर और बिजली दर वृद्धि के मुद्दे पर जनता की आवाज़ बुलंद करेगी और सरकार से इन जनविरोधी निर्णयों को वापस लेने की मांग करेगी। यदि सरकार जनता की मांगों की अनदेखी करती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
3 अगस्त को रायपुर में सीएम हाउस घेराव
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि 1 से 3 अगस्त तक आंदोलन चरणबद्ध तरीके से चलेगा। पहले चरण में प्रेस वार्ता आयोजित की गई है, जबकि आगामी कार्यक्रमों के तहत विरोध-प्रदर्शन किए जाएंगे। आंदोलन के अंतिम चरण में 3 अगस्त को रायपुर में मुख्यमंत्री निवास (सीएम हाउस) का घेराव किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर से कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल होकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे कांग्रेस पदाधिकारी
प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी शहर एवं ग्रामीण के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कांग्रेस नेताओं ने आम जनता से भी इस आंदोलन में सहयोग देने और जनहित के मुद्दों पर आवाज़ बुलंद करने की अपील की।


