रायगढ़ : मारपीट में युवक की मौत, जूटमिल पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया

रायगढ़। जूटमिल थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में मारपीट के बाद एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक युवक अपनी महिला मित्र से मिलने पहुंचा था, जहां मोहल्ले के कुछ युवकों से उसका विवाद हुआ। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। मामले में दो आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

महिला मित्र से मिलने पहुंचा था शिवा

पुलिस के अनुसार 8 सितंबर की दरम्यानी रात सतीगुड़ी चौक निवासी शिवा सेठ्ठी (35 वर्ष) ट्रांसपोर्ट नगर में रहने वाली अपनी महिला मित्र से मिलने गया था। इसी दौरान वहां रहने वाले राजू महंत, कृष्णा साव और धन्नू निषाद ने उसके वहां आने पर आपत्ति जताई।

पुलिस जांच के मुताबिक इसके बाद तीनों ने शिवा के साथ मारपीट की। आरोप है कि उसे हाथ-मुक्कों और लात-घूंसों से पीटने के साथ जमीन पर पटककर भी मारा गया।

घर पहुंचने के बाद बिगड़ी तबीयत

मारपीट के बाद शिवा किसी तरह वहां से निकलकर अपने दोस्त के पास पहुंचा और घटना की जानकारी दी। प्राथमिक उपचार के बाद वह घर चला गया। हालांकि घर पहुंचने के बाद उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई।

परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल रायगढ़ लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम में हेड इंजरी से मौत की बात सामने आई

घटना की सूचना मिलने के बाद प्रारंभिक तौर पर कोतवाली थाना में मर्ग कायम किया गया। घटनास्थल जूटमिल थाना क्षेत्र में होने के कारण मर्ग डायरी जूटमिल पुलिस को भेजी गई।

पुलिस ने जांच के दौरान प्रत्यक्षदर्शियों और बीच-बचाव करने वाले लोगों के बयान दर्ज किए। पुलिस के अनुसार बयानों में तीनों आरोपियों द्वारा शिवा के साथ मारपीट किए जाने की जानकारी सामने आई।

पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में डॉक्टर ने हेड इंजरी के कारण हेमरेजिक शॉक को मृत्यु का कारण बताया। इसके बाद पुलिस ने मारपीट से लगी गंभीर चोटों को मौत से जोड़ते हुए 12 सितंबर को अपराध क्रमांक 540/2026 दर्ज किया।

दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश

जूटमिल पुलिस ने मामले में राजू महंत उर्फ संजय महंत (35 वर्ष) और कृष्णा साव उर्फ चुड़ामणि साव (35 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पहले से किसी अन्य मामले में जिला जेल रायगढ़ में निरुद्ध थे और रिहा होने वाले थे। पुलिस टीम ने जेल परिसर के बाहर से दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने शिवा के साथ धन्नू निषाद के साथ मिलकर मारपीट करने की बात सामने आने का दावा किया। विवेचना में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों को 12 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

वहीं धन्नू निषाद अभी फरार बताया गया है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

हत्या की धारा में दर्ज हुआ मामला

जूटमिल पुलिस ने मामले में धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

एसएसपी ने कहा- कानून हाथ में लेने वालों पर होगी कार्रवाई

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि किसी व्यक्ति के साथ कानून हाथ में लेकर मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से विवाद की स्थिति में खुद कार्रवाई करने के बजाय पुलिस को सूचना देने की अपील की है।

Back to top button